मुख्यमंत्री आवास का झांसा देकर ग्रामीणों से ऐंठे 500-600 रुपये, केस दर्ज

सोनवर्षा थाना क्षेत्र के गिरिधर बरांव गांव में मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर करीब 30 ग्रामीणों से रुपये की उगाही करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि नामजद लोगों ने अलग-अलग व्यक्तियों से 500 से 600 रुपये तक की राशि ली, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिला।

मुख्यमंत्री आवास का झांसा देकर ग्रामीणों से ऐंठे 500-600 रुपये, केस दर्ज

केटी न्यूज/नावानगर

सोनवर्षा थाना क्षेत्र के गिरिधर बरांव गांव में मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर करीब 30 ग्रामीणों से रुपये की उगाही करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि नामजद लोगों ने अलग-अलग व्यक्तियों से 500 से 600 रुपये तक की राशि ली, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिला। योजना का लाभ नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने संबंधित लोगों से अपनी रकम वापस करने की मांग की। आरोप है कि रुपये वापस नहीं किए गए। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर सोनवर्षा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत आवेदन पर ब्रिज नट समेत करीब 20 से 30 ग्रामीणों के संयुक्त हस्ताक्षर बताए गए हैं।

आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हरेन्द्र प्रसाद राम, संतोष यादव, धीरज कुमार और मु. नासिर समेत कुछ अज्ञात लोगों ने मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का भरोसा देकर उनसे 500 से 600 रुपये लिए थे। ग्रामीणों के अनुसार, पैसे लेने के बावजूद न तो योजना का लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा ठगी गई राशि वापस कराने की मांग की है। सोनवर्षा थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रुपये लेने की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।