‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संकल्प के साथ बक्सर में पोषण माह का आगाज

‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी-सुपोषित समाज की यही तैयारी’ के संदेश के साथ बुधवार को बक्सर में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ हुआ। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संकल्प के साथ बक्सर में पोषण माह का आगाज

__ डीएम साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, महिलाओं-बच्चों के पोषण और बाल विकास को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

केटी न्यूज/बक्सर।

‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी-सुपोषित समाज की यही तैयारी’ के संदेश के साथ बुधवार को बक्सर में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ हुआ। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान जिले में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के साथ समुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करने और जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया गया।भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान का मुख्य विषय ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखा गया है।

अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण सेवाओं के वितरण तक सीमित न रखते हुए समुदाय आधारित पोषण, देखभाल और बच्चों के प्रारंभिक विकास की गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि महिलाओं और बच्चों का बेहतर पोषण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित पोषण एवं बाल विकास सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों, कर्मियों और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि पोषण संबंधी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।

पोषण माह के दौरान आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व व जवाबदेही, पोषण एवं बाल्यावस्था में प्रारंभिक उद्दीपन सहित विभिन्न विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए उपलब्ध सहायता के प्रति भी महिलाओं को जागरूक किया जाएगा।डीएम ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि पूरे अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, माताओं, किशोरियों और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

साथ ही आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की जन आंदोलन डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से इंट्री कराने का निर्देश दिया गया, ताकि अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला समन्वयक, जिला परियोजना सहायक, जिला मिशन समन्वयक समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद रहीं।