पाइप फटने से हो रही पानी की बर्बादी, सड़क पर जलजमाव से राहगीर परेशान

प्रखंड मुख्यालय स्थित केसठ बस पड़ाव के समीप नल-जल योजना की जलापूर्ति पाइप फट जाने से विगत दो दिनों से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण तेज धार में पानी बहकर सड़क पर फैल गया है, जिससे आसपास के क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क पर जमा पानी के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पाइप फटने से हो रही पानी की बर्बादी, सड़क पर जलजमाव से राहगीर परेशान

केटी न्यूज/केसठ। 

प्रखंड मुख्यालय स्थित केसठ बस पड़ाव के समीप नल-जल योजना की जलापूर्ति पाइप फट जाने से विगत दो दिनों से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण तेज धार में पानी बहकर सड़क पर फैल गया है, जिससे आसपास के क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क पर जमा पानी के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव से सड़क कीचड़युक्त हो गई है, जिससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है।

वहीं पैदल चलने वाले लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बस पड़ाव क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पाइप फटने से लगातार पानी का बहना न केवल सरकारी जल की बर्बादी है, बल्कि दुर्घटना की संभावना को भी बढ़ा रहा है। लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई है, बावजूद इसके अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अविलंब क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत कर जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और आमजन को हो रही परेशानी से निजात मिल सके।