रेल सुविधाओं को लेकर उबल रहा यात्रियों का गुस्सा, 14 जून को डुमरांव स्टेशन पर होगा विशाल धरना
दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों पर रेल यात्रियों को हो रही समस्याओं के खिलाफ अब आंदोलन का बिगुल बज गया है। रेलयात्री कल्याण समिति, डुमरांव शाखा की रविवार को आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में रेल प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा असंतोष जताते हुए 14 जून को डुमरांव स्टेशन पर विशाल एकदिवसीय धरना आयोजित करने का निर्णय लिया गया।


– ट्रेनों के ठहराव, समयपालन और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर रेलयात्री कल्याण समिति ने बनाई आंदोलन की रणनीति
केटी न्यूज/डुमरांव।
दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों पर रेल यात्रियों को हो रही समस्याओं के खिलाफ अब आंदोलन का बिगुल बज गया है। रेलयात्री कल्याण समिति, डुमरांव शाखा की रविवार को आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में रेल प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा असंतोष जताते हुए 14 जून को डुमरांव स्टेशन पर विशाल एकदिवसीय धरना आयोजित करने का निर्णय लिया गया।स्टेशन परिसर के समीप स्थित समिति कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष मुन्ना यादव ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष रामबाबू कुशवाहा ने किया। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष बिजेंद्र यादव, मंडल प्रवक्ता भुवर सिद्दीकी, मंडल कार्यसमिति सदस्य डॉ. एस.के. सैनी एवं रासबिहारी सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान डुमरांव स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही यात्रियों की सुविधा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। समिति ने पटना-मथुरा कोटा एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की मांग दोहराई। इसके अलावा संघमित्रा एक्सप्रेस, पटना-कुर्ला एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस तथा जनसाधारण एक्सप्रेस के ठहराव की आवश्यकता पर जोर दिया गया। झारखंड से आरा तक चलने वाली ट्रेनों का विस्तार बक्सर तक करने तथा पैसेंजर ट्रेनों के विलंबित परिचालन पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि दानापुर मंडल के अधिकांश स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पैसेंजर ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर रेल प्रशासन गंभीर नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।बैठक में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार करते हुए 14 जून के धरने को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान समिति में नए सदस्य के रूप में सुधांशु भगत का स्वागत किया गया। बैठक में श्यामजी प्रसाद, प्रेम प्रकाश पांडेय, छोटे सिंह, योगेश कुमार, संजीत कुंवर, रामजी प्रसाद, बिजली राम, विनय सिंह, परशुराम प्रसाद और चंद्रमा प्रसाद समेत बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

