भोजन बैंक के 61वें सप्ताह में जरूरतमंदों को कराया गया निःशुल्क भोजन
भागीरथी सहयोग सेवा संस्थान के तहत संचालित भोजन बैंक द्वारा रविवार को अपने 61वें सप्ताह के सेवा अभियान के अंतर्गत गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों को प्रसाद स्वरूप निःशुल्क भोजन कराया गया। संस्थान की इस निरंतर सामाजिक पहल को स्थानीय लोगों ने सराहते हुए इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

__ भागीरथी सहयोग सेवा संस्थान की पहल को मिला जनसहयोग, वृद्धाश्रम निर्माण और सेवा कार्यों पर हुई चर्चा
केटी न्यूज/बक्सर
भागीरथी सहयोग सेवा संस्थान के तहत संचालित भोजन बैंक द्वारा रविवार को अपने 61वें सप्ताह के सेवा अभियान के अंतर्गत गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों को प्रसाद स्वरूप निःशुल्क भोजन कराया गया। संस्थान की इस निरंतर सामाजिक पहल को स्थानीय लोगों ने सराहते हुए इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।कार्यक्रम का संचालन समाजसेविका श्यामला पाठक, रीना राय, मदन मोहन वर्मा एवं हाफिज इमरान शम्सी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मऊ से श्रमदान के लिए पहुंचे आशुतोष वर्मा, अधिवक्ता अकरम, शिक्षक अजीत कुमार तथा भरत गोंड ने कहा कि भागीरथी सहयोग सेवा संस्थान द्वारा समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग के लिए किया जा रहा कार्य प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय है।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के अध्यक्ष दीनानाथ, मो. आलम (पप्पू), मिंटू सिंह (मझरिया) एवं गुप्तेश्वर पटेल ने प्रस्तावित वृद्धाश्रम निर्माण से संबंधित दस्तावेजी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी साझा करते हुए उपस्थित लोगों से सुझाव भी प्राप्त किए। वक्ताओं ने कहा कि वृद्धजनों के सम्मानजनक जीवन के लिए वृद्धाश्रम निर्माण संस्थान की एक महत्वपूर्ण पहल होगी।दिव्यांग संघ बक्सर के जिलाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर एवं प्रमोद केशरी ने संस्थान के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों को सफल बनाने में समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना को साकार करने का कार्य भोजन बैंक के माध्यम से किया जा रहा है।

कार्यक्रम को आर्थिक सहयोग देने वालों में शिवानंद उपाध्याय, श्यामला पाठक, अनिल वर्मा, संजय सोनी, रोहित ब्रह्मर्षि (अर्जुनपुर), प्रकाश राय, आशुतोष वर्मा तथा राहुल वर्मा (आरआर एग्रीमेंट) प्रमुख रहे। संस्थान के सचिव राजीव कुमार ‘जीरो’ ने सभी सहयोगकर्ताओं, श्रमदानियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के समापन पर ललन राम, हाफिज इमरान शम्सी एवं रौशन पांडेय ने भोजन बैंक को निरंतर सहयोग देने वाले दानदाताओं और समाजसेवियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं आशुतोष वर्मा, राहुल वर्मा, मदन वर्मा, गायक विश्वास वर्मा, आनंद वर्मा एवं राजीव कुमार ‘जीरो’ के नेतृत्व में गौ-ग्रास अर्पित कर गौसेवा भी की गई।संस्थान के प्रतिनिधियों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आगामी 14 जून को सुबह 9 बजे बक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित होने वाले भोजन वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर जरूरतमंदों की सेवा में योगदान दें।

