नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने वाले नया भोजपुर थानाध्यक्ष की एसपी ने थपथपाई पीठ
नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करने वाली नया भोजपुर पुलिस की कार्रवाई को पुलिस महकमे ने सम्मान दिया है। 490 ग्राम ब्राउन शुगर की बड़ी बरामदगी और अंतरजिला तस्करी गिरोह के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी के मामले में बेहतर पुलिसिंग के लिए नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।

__ 490 ग्राम ब्राउन शुगर की बड़ी बरामदगी पर मिला प्रशस्ति पत्र, चोरी से लेकर शराब तस्करी तक कई मामलों के उद्भेदन में निभाई अहम भूमिका
केटी न्यूज/डुमरांव।
नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करने वाली नया भोजपुर पुलिस की कार्रवाई को पुलिस महकमे ने सम्मान दिया है। 490 ग्राम ब्राउन शुगर की बड़ी बरामदगी और अंतरजिला तस्करी गिरोह के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी के मामले में बेहतर पुलिसिंग के लिए नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर की बरामदगी को जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है।एसपी कार्यालय के पत्रांक संख्या 6070, दिनांक 04 अगस्त 2026 के माध्यम से जारी सूचना में थानाध्यक्ष की भूमिका की सराहना की गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर के अलावा पांच मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया था। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के तार बक्सर, भोजपुर और पूर्वी चंपारण जिले से जुड़े पाए गए थे। पुलिस अब इस गिरोह के आगे-पीछे के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

__ लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि पर सम्मान
थानाध्यक्ष चंदन कुमार के लिए यह सम्मान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल के महीनों में उनकी टीम ने कई उल्लेखनीय मामलों का सफल उद्भेदन किया है। इससे पहले निजी विद्यालय में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करने पर भी उन्हें एसपी की ओर से सम्मानित किया गया था। एसपी कार्यालय के ज्ञापांक 5308 के तहत अंचल निरीक्षक की अनुशंसा पर उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई थी।

__ शराब से ब्राउन शुगर तक, कार्रवाई का सिलसिला जारी
नया भोजपुर पुलिस की कार्रवाई का दायरा सिर्फ नशे के एक कारोबार तक सीमित नहीं रहा है। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने पूर्व में 7,886 लीटर अवैध शराब की बरामदगी, ट्रॉली में ईंट लदे ट्रैक्टर के भीतर शराब छिपाकर की जा रही तस्करी का खुलासा तथा 480 ग्राम ब्राउन शुगर की बरामदगी जैसे मामलों में भी सफलता हासिल की है। इन कार्रवाइयों के लिए भी उन्हें पूर्व में सम्मान मिल चुका है।सम्मान मिलने पर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने इसे पूरी पुलिस टीम की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम की सामूहिक मेहनत और बेहतर समन्वय से अपराध एवं नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

