बक्सर रेलखंड पर दो दिन मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनों का समय बदला

दानापुर मंडल के बक्सर स्टेशन पर रेलवे द्वारा मरम्मत और तकनीकी कार्य के चलते 26 व 27 अप्रैल को ट्रैफिक तथा ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति अवश्य जांच लेने की अपील की है।

बक्सर रेलखंड पर दो दिन मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनों का समय बदला

__ ब्रिज मरम्मत और ओएचई कार्य के कारण 26–27 अप्रैल को देरी, री-शेड्यूलिंग व नियंत्रण; यात्रियों को पहले जांचने की सलाह

केटी न्यूज/डुमरांव

दानापुर मंडल के बक्सर स्टेशन पर रेलवे द्वारा मरम्मत और तकनीकी कार्य के चलते 26 व 27 अप्रैल को ट्रैफिक तथा ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति अवश्य जांच लेने की अपील की है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार बक्सर यार्ड स्थित ब्रिज संख्या 339 पर पुराने स्टील गर्डर को हटाकर नया पीएससी स्लैब लगाया जाएगा। साथ ही आरसीसी बेड ब्लॉक का भी प्रतिस्थापन किया जाएगा। सुरक्षा मानकों के तहत यह कार्य अप और डाउन दोनों लाइनों पर चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, इसलिए ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

ब्लॉक का असर 25 अप्रैल से ही शुरू हो जाएगा। आनंद विहार से चलने वाली 13258 दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस को आरा जंक्शन तक ही चलाया जाएगा। वहीं 26 अप्रैल को यह ट्रेन आरा से 13257 बनकर आनंद विहार के लिए रवाना होगी। इससे आरा और बक्सर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।26 अप्रैल को अप लाइन पर कई ट्रेनों को बीच रास्ते नियंत्रित किया जाएगा। 13041 हिमगिरी एक्सप्रेस को बिहटा और डुमरांव के बीच लगभग 120 मिनट रोका जाएगा। 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस करीब 100 मिनट, 12142 पटना–एलटीटी एक्सप्रेस 90 मिनट तथा 11016 सहरसा–एलटीटी एक्सप्रेस 75 मिनट तक विलंबित रहेगी। इसके अलावा 13237 पटना–कोटा एक्सप्रेस को 40 मिनट तथा 12792 दानापुर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस को आरा से डुमरांव के बीच 20 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

27 अप्रैल को डाउन लाइन पर भी असर रहेगा। 13038 देहरादून–हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस 26 अप्रैल को देहरादून से दो घंटे देरी से खुलेगी। 63220 बक्सर–पटना पैसेंजर 27 अप्रैल को बक्सर से दो घंटे 25 मिनट विलंब से रवाना होगी। वहीं 12791 सिकंदराबाद–दानापुर एक्सप्रेस, 13238 कोटा–पटना एक्सप्रेस तथा 01143 एलटीटी–दानापुर स्पेशल को भी विभिन्न स्टेशनों के बीच नियंत्रित किया जाएगा।रेलवे प्रशासन ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर अन्य ट्रेनों को भी नियंत्रित किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर रेल संचालन के लिए जरूरी है। कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुचारू हो सकेगी।