बक्सर में गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी रोकने को लगातार छापेमारी

जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रखने तथा जमाखोरी-कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के तहत कुल 27 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।

बक्सर में गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी रोकने को लगातार छापेमारी

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रखने तथा जमाखोरी-कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के तहत कुल 27 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या भी बड़ी है। इंडियन ऑयल के 2 लाख 2 हजार 360, भारत पेट्रोलियम के 57 हजार 517 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 90 हजार 668 उपभोक्ता हैं। 13 मार्च 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक कुल 1 लाख 95 हजार 508 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 23 अप्रैल तक एजेंसियों के पास 4 हजार 39 सिलेंडर शेष थे।

जिले में प्रतिदिन औसत मांग 6 हजार 419 सिलेंडर है, जबकि औसतन 5 हजार 535 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में 24 हजार 208 रीफिल बुकिंग लंबित हैं, जिससे लगभग 4.3 दिन का बैकलॉग बना हुआ है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहरी क्षेत्रों में अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कराया जा सकेगा। इससे अनावश्यक बुकिंग और कृत्रिम संकट पर रोक लगेगी।कालाबाजारी रोकने के लिए सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वरीय अधिकारियों द्वारा लगातार गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। अब तक जमाखोरी और कालाबाजारी के मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

23 अप्रैल को आठ गैस एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया गया।जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति संबंधी शिकायतों के लिए दूरभाष संख्या 06183-223333 जारी की गई है। अब तक कुल 1 हजार 223 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 1 हजार 161 का निष्पादन कर दिया गया है।प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही विवाह एवं श्राद्ध कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक गैस उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था भी लागू की गई है। बक्सर अनुमंडल में 284 तथा डुमरांव अनुमंडल में 259 आवेदन प्राप्त हुए हैं।