संसार के सभी जड़-चेतन अपने अपने धर्म से ही संचालित होते हैं : जीयर स्वामी

संसार के सभी जड़-चेतन अपने अपने धर्म से ही संचालित होते हैं : जीयर स्वामी

- शाहपुर प्रखंड स्थित गौतमनगर में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन

केटी न्यूज/आरा

जिले के शाहपुर प्रखंड स्थित गौतमनगर में नवनिर्मित श्री त्रिदण्डीदेव डिग्री महाविद्यालय में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ चल रहा है। इस क्रम में जीयर स्वामी जी महाराज द्वारा कथा वाचन किया जा रहा है। इस क्रम में प्रवचन करते हुये श्री जीयर स्वामी जी ने कहा कि धर्म वस्तु का प्राकृत स्वभाव है। जो भ्रष्ट संतों से प्रमाणित होती है। वास्तविक संतों की विद्यमानता मनुष्य का भाग्य होता है। उसका पूर्व कृत-कर्म धर्म एक पद्धति है।

संसार के सभी जड़-चेतन अपने अपने धर्म से ही संचालित होते हैं। धर्म को कभी भी संकुचित दायरे में नहीं आंकना चाहिए। धर्म वह धुरी है, जिससे समस्त जड़-चेतन संचालित होते हैं। जो अपने धर्म से विमुख हो जाता, उसका वजूद समाप्त हो जाता है। हम पतनोन्मुखी हैं तो धर्म हमें बचा लेता है। श्री जीयर स्वामी ने कहा कि आज तेजी से नैतिकता का क्षरण हो रहा है। धनार्जन की होड़ लगी है। अपने धर्म के प्रति आस्था कमजोर हो रही है। माता-पिता के प्रति दायित्व कम हो रहा है। आज संस्कृति, संस्कार और नैतिकता का संरक्षण एक चुनौती हो गयी है। ऐसी परिस्थिति में यज्ञ और सत्संग की सार्थकता है।

उन्होंने कहा कि दुनिया में मशीनें सब चीज बना रही हैं, लेकिन वे मन में संस्कृति, संस्कार और नैतिकता का भाव नहीं पैदा कर सकतीं। यज्ञ और सत्संग के द्वारा ही मानव मन में इनका बीजारोपण हो सकता है। इसीलिए आज संतों का महत्व पहले से अधिक बढ़ गया है। स्वामी जी ने कहा कि आज साधु-संतों की चर्चा कई मायने में हो रही है, लेकिन यह समझना होगा कि जिसका अस्तित्व होता है, उसी की नकल होती है। इसका अर्थ यह नहीं कि उसका मूल ही गलत है। आज-कल कंचन और कामिनी के भोग के संदर्भ में भी संत समाज चर्चित है। आम लोगों का विश्वास संतत्व से डिग रहा है। लेकिन विवेकी जनों को यह समझना चाहिए कि ये नकली साधु संत वास्तविक संत के नकली रूप है। इनकी मौजूदगी से यह समझना चाहिए कि आज भी वास्तविक साधु-संत हैं, जिनका ये नकल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो नोट प्रचलन में होता है उसी की नकल की जाती है। तीन सौ रूपये का नोट नहीं छपता है। इसलिए तीन सौ रूपये का नोट प्रचलन में नहीं है। आज दो हजार का नोट प्रचलन में है। इसलिए इसका नकली रूप भी है।