सोवा की तिहरी चोरी कांड में पुलिस को सफलता, छह माह बाद एक आरोपी दबोचा गया
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव में पिछले वर्ष हुई तिहरी चोरी की सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। करीब छह माह से लंबित इस मामले में हुई गिरफ्तारी के बाद पुलिस को चोरी की घटना से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।

__ तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी, फरार साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव में पिछले वर्ष हुई तिहरी चोरी की सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। करीब छह माह से लंबित इस मामले में हुई गिरफ्तारी के बाद पुलिस को चोरी की घटना से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2025 की रात सोवा गांव में चोरों ने एक साथ तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाया था। देर रात हुई इस वारदात में चोरों ने घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया था।

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया था और पीड़ित परिवारों ने तत्काल कृष्णाब्रह्म थाना को इसकी सूचना दी थी।पीड़ितों के आवेदन पर पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कांड संख्या 165/25 दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआती दौर में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच टीम ने मामले में महत्वपूर्ण प्रगति की। इसी क्रम में रोहतास जिले के दावत थाना क्षेत्र के दावत गांव निवासी मनोज मुसहर की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर पुलिस अब अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि सोवा चोरी कांड की जांच अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर फरार अपराधियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवारों में न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

