अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, निकृष गांव में पसरा मातम
मंगलवार की सुबह चौसा-रामगढ़ मुख्य पथ पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 32 वर्षीय युवक की जिंदगी छीन ली। राजपुर थाना क्षेत्र के निकृष गांव के समीप हुए इस दर्दनाक हादसे में गांव निवासी विजय राजभर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई।
__ बाइक से निकले विजय राजभर नहीं लौटे घर, इलाज के दौरान टूटी सांस; पुलिस जांच में जुटी
केटी न्यूज/चौसा
मंगलवार की सुबह चौसा-रामगढ़ मुख्य पथ पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 32 वर्षीय युवक की जिंदगी छीन ली। राजपुर थाना क्षेत्र के निकृष गांव के समीप हुए इस दर्दनाक हादसे में गांव निवासी विजय राजभर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई।मृतक की पहचान निकृष गांव निवासी रामाशंकर राजभर के पुत्र विजय राजभर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विजय सुबह करीब पांच बजे अपनी बाइक से किसी जरूरी काम से घर से निकले थे। परिवार को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी विदाई साबित होगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय जैसे ही चौसा-रामगढ़ पथ पर निकृष गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।घटना के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। सड़क पर लहूलुहान पड़े युवक को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी।

मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। गांव लौटते ही मातम का माहौल छा गया और पूरे निकृष गांव में शोक की लहर दौड़ गई।सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है।ग्रामीणों ने बताया कि विजय मिलनसार और मेहनती स्वभाव के युवक थे। उनकी अचानक मौत से गांव के लोग गहरे सदमे में हैं। सुबह की यह दुर्घटना गांव के लिए ऐसा जख्म बन गई है, जिसे भरने में लंबा समय लगेगा।

