बंद गुमटी बनी हथियार छिपाने की जगह, पुलिस ने बरामद किया देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस

राजपुर थाना पुलिस ने अपराधियों की मंशा पर पानी फेरते हुए अवैध हथियार बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तियरा-मनोहरपुर मोड़ के समीप स्थित एक बंद पड़ी गुमटी से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

बंद गुमटी बनी हथियार छिपाने की जगह, पुलिस ने बरामद किया देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस

__ गुप्त सूचना पर राजपुर पुलिस की कार्रवाई, हथियार रखने वाले की तलाश में जुटी जांच टीम

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर थाना पुलिस ने अपराधियों की मंशा पर पानी फेरते हुए अवैध हथियार बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तियरा-मनोहरपुर मोड़ के समीप स्थित एक बंद पड़ी गुमटी से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की यह कार्रवाई रविवार की रात करीब 10:28 बजे की बताई जा रही है।राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि मनोहरपुर जाने वाले मार्ग के पास एक संदिग्ध स्थान पर अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए स्थान की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

सघन जांच के दौरान पुलिस को एक पुरानी बंद गुमटी के अंदर से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस गुमटी से हथियार बरामद हुआ है, वह बहुआरा गांव के एक व्यक्ति की बताई जा रही है। गुमटी लंबे समय से बंद पड़ी थी और उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने सुनसान और बंद पड़ी जगह का फायदा उठाकर हथियार छिपाने के लिए इसका इस्तेमाल किया होगा।फिलहाल पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि बरामद हथियार किसके द्वारा यहां रखा गया था और इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना में तो नहीं किया जाना था।

पुलिस संभावित अपराधियों और हथियार तस्करी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने किया। अभियान में एसआई मो. वकार अहमद गौसी, एसआई सुभाष कुमार, अजीत कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच लगातार जारी है और जल्द ही हथियार रखने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।