कमहरियां हथियार बरामदगी कांड में फैसला: सात साल पुराने मामले में आरोपित को तीन वर्ष कैद
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कमहरियां के पास वर्ष 2019 में वाहन जांच के दौरान देशी कट्टा और कारतूस के साथ पकड़े गए युवक के खिलाफ चल रहे मामले में अदालत ने फैसला सुना दिया है। अनुमंडलीय न्यायिक मजिस्ट्रेट रंजना दुबे की अदालत ने सोमवार को सुनवाई पूरी करते हुए आरोपित को दोषी करार दिया और आर्म्स एक्ट के तहत तीन वर्ष की कारावास की सजा सुनाई। साथ ही उस पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जुर्माना अदा नहीं करने पर आरोपित को एक माह की अतिरिक्त कारावास भुगतनी होगी।
केटी न्यूज/बक्सर

अभियोजन पक्ष की ओर से मामले की पैरवी कर रहे पदाधिकारी राकेश कुमार राय और सोमेश मिश्रा ने बताया कि 17 जुलाई 2019 को मुफस्सिल थाना पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान कमहरियां के समीप पुलिस ने जीतू चौधरी, पिता जंग बहादुर चौधरी, को संदेह के आधार पर रोका और तलाशी ली। तलाशी के क्रम में उसके पास से एक देशी कट्टा तथा एक कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत के समक्ष अभियोजन पक्ष ने गवाहों और दस्तावेजी साक्ष्यों को प्रस्तुत किया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपित को आर्म्स एक्ट से जुड़े दो बिंदुओं में दोषी माना। कोर्ट ने दोनों धाराओं में तीन-तीन वर्ष की सजा और दस-दस हजार रुपये जुर्माना निर्धारित किया, लेकिन यह भी आदेश दिया कि दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी। ऐसे में आरोपित को प्रभावी रूप से तीन वर्ष की ही सजा काटनी होगी। इस फैसले को अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।