बसही पुल के तीखे मोड़ पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, युवक की मौत

राजपुर थाना क्षेत्र में चौसा–कोचस मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बसही पुल के समीप उस समय हुआ जब तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

बसही पुल के तीखे मोड़ पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, युवक की मौत

__ तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह; तीन गंभीर घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया

केटी न्यूज/राजपुर:

राजपुर थाना क्षेत्र में चौसा–कोचस मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बसही पुल के समीप उस समय हुआ जब तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।मृतक की पहचान पिपराढ़ गांव निवासी 25 वर्षीय लक्ष्मण पासवान, पिता शिवजी पासवान के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार पिपराढ़ गांव के दो युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से कोचस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रोहतास जिले के दो युवक दूसरी बाइक से चौसा की तरफ आ रहे थे। बसही पुल के समीप स्थित तीखे मोड़ पर दोनों बाइकों की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक एक-दूसरे को संभाल नहीं सके और आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार युवक सड़क पर दूर तक उछलकर गिर पड़े। हादसे में लक्ष्मण पासवान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची राजपुर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि बसही पुल के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हैं। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।