डंठल जलाने की लापरवाही बनी आफत, कई गांवों में आग का कहर
प्रखंड क्षेत्र में गेहूं कटनी के बाद खेतों में डंठल जलाने की लापरवाही बुधवार को कई परिवारों पर भारी पड़ गई। तेज पछुआ हवा के कारण खेत में लगाई गई आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कई गांवों तक फैल गई। इस अग्निकांड में घर, अनाज, पशुचारा और जरूरी सामान जलकर राख हो गए, जबकि ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

केटी न्यूज/राजपुर
प्रखंड क्षेत्र में गेहूं कटनी के बाद खेतों में डंठल जलाने की लापरवाही बुधवार को कई परिवारों पर भारी पड़ गई। तेज पछुआ हवा के कारण खेत में लगाई गई आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कई गांवों तक फैल गई। इस अग्निकांड में घर, अनाज, पशुचारा और जरूरी सामान जलकर राख हो गए, जबकि ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार मंगरॉव पंचायत के घरारी गांव में दोपहर के समय अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे थे। इसी दौरान नागपुर बधार की ओर किसी किसान द्वारा गेहूं के डंठल में लगाई गई आग तेज हवा के साथ फैलते हुए गांव तक पहुंच गई। आग की लपटों ने सबसे पहले मुन्नी देवी के घर को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक उठती लपटों और धुएं से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। खूंटे से बंधे मवेशियों को खोलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। आसपास लगे समरसेबल और पानी के अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तेज हवा के चलते आग पर काबू पाना आसान नहीं था। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।इस घटना में मुन्नी देवी के घर में रखे कपड़े, अनाज और महत्वपूर्ण कागजात जलकर नष्ट हो गए। वहीं जितेंद्र और मुन्ना खरवार के खलिहान में रखा पशुचारा पूरी तरह जल गया। गुड्डू पाल के खलिहान में रखे गेहूं के बोझ भी आग की भेंट चढ़ गए।

आग की लपटें केवल घरारी गांव तक सीमित नहीं रहीं। अकबरपुर पंचायत के कुसही, हेठुआ और कटारिया गांव के बधार में भी आग फैलने से किसानों को भारी नुकसान हुआ। पूरे दिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां एक गांव से दूसरे गांव दौड़ती रहीं।राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि बढ़ते तापमान और तेज पछुआ हवा के बीच खेतों में डंठल जलाना बेहद खतरनाक है। एक छोटी लापरवाही किसी परिवार का आशियाना उजाड़ सकती है। वहीं सीओ डॉ. शोभा कुमारी ने बताया कि राजस्व कर्मियों को जांच का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

