प्रेमिका की एक झलक के लिए 33 हजार लाइन के पोल पर चढ़ गया आशिक, ढाई घंटे तक चला हाई-वोल्टेज लव ड्रामा
प्रेम में लोग क्या-क्या नहीं कर गुजरते, लेकिन डुमरांव अनुमंडल के वासुदेवा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की एक झलक पाने के लिए ऐसा कदम उठा लिया, जिसने प्रशासन से लेकर ग्रामीणों तक सभी को हैरत में डाल दिया। बुधवार की दोपहर आथर गांव के समीप एक युवक 33 केवीए विद्युत लाइन के ऊंचे पोल पर चढ़ गया और तब तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया, जब तक उसकी प्रेमिका मौके पर नहीं पहुंच गई।

--प्रेमिका के आने की जिद पर अड़ा युवक, डीएम के निर्देश पर कटवानी पड़ी बिजली; दो थानों की पुलिस रही परेशान
केटी न्यूज/डुमरांव
प्रेम में लोग क्या-क्या नहीं कर गुजरते, लेकिन डुमरांव अनुमंडल के वासुदेवा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की एक झलक पाने के लिए ऐसा कदम उठा लिया, जिसने प्रशासन से लेकर ग्रामीणों तक सभी को हैरत में डाल दिया। बुधवार की दोपहर आथर गांव के समीप एक युवक 33 हजार विद्युत लाइन के ऊंचे पोल पर चढ़ गया और तब तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया, जब तक उसकी प्रेमिका मौके पर नहीं पहुंच गई। युवक की पहचान कोरान सराय थाना क्षेत्र के कचइनिया गांव निवासी सूरज कुमार पासवान पिता भूलन पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसे पड़ोस की एक लड़की से प्रेम था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक धारा प्रवाहित 33 केवीए विद्युत पोल पर चढ़ने लगा। आसपास मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने उसे रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन उस पर प्रेम का ऐसा जुनून सवार था।

कि उसने किसी की एक न सुनी और लगातार ऊपर चढ़ता चला गया। युवक की जान को खतरा देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी। मामला गंभीर होने पर जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर तुरंत उस इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।इस बीच युवक पोल के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया और वहीं से अपनी प्रेमिका को बुलाने की मांग करने लगा। सूचना मिलते ही वासुदेवा थाना और कोरानसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। उसका कहना था कि वह पिछले एक वर्ष से युवती से प्रेम करता है और दोनों के बीच बातचीत होती रही है। युवक का आरोप था कि इस संबंध की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजनों ने उस पर रोक लगा दी है।वहीं दूसरी ओर युवती शुरू में मौके पर आने को तैयार नहीं थी। उसका कहना था कि वह युवक से प्रेम नहीं करती और यह एकतरफा प्रेम का मामला है।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी समझाया, तब जाकर युवती घटनास्थल पर पहुंची।करीब ढाई घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज लव ड्रामे का अंत तब हुआ, जब युवक ने अपनी प्रेमिका को सामने देखा। प्रेमिका के पहुंचते ही उसका गुस्सा और जिद दोनों शांत हो गया और वह धीरे-धीरे पोल से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।बताया जाता है कि युवक करीब तीन बजे दोपहर में पोल पर चढ़ा था और शाम साढ़े पांच बजे के बाद नीचे उतरा। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और हर कोई इस अनोखे प्रेम प्रसंग की चर्चा करता नजर आया।डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक को हिरासत में लिया गया है तथा उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रेम के जुनून में उठाया गया यह कदम भले ही युवक को अपनी प्रेमिका की एक झलक दिला गया हो, लेकिन अब उसे अपने इस खतरनाक कदम की कानूनी कीमत भी चुकानी पड़ सकती है।

