इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती पर कांग्रेसजनों ने याद किए उनके साहसिक फैसले
भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती बुधवार को बक्सर जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत इंदिरा जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। जिलाध्यक्ष सहित वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
केटी न्यूज/बक्सर
भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती बुधवार को बक्सर जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत इंदिरा जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। जिलाध्यक्ष सहित वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

जयंती समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. पांडेय ने कहा कि इंदिरा गांधी न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया की एक सशक्त और प्रभावशाली नेत्री थीं। उनके नेतृत्व में देश ने साहस, पराक्रम और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया। तीन बार प्रधानमंत्री बनने के बाद चौथी बार भी देश के लिए प्राणों का बलिदान दिया, यह उनके राष्ट्र सेवा के संकल्प को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि 1971 के पाकिस्तान युद्ध में इंदिरा गांधी के निर्णायक नेतृत्व ने इतिहास बदल दिया। युद्ध के परिणामस्वरूप बांग्लादेश का निर्माण हुआ और पाकिस्तान दो भागों में विभाजित हो गया। डॉ. पांडेय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी उनके पराक्रम की सराहना करते हुए उन्हें ‘दुर्गा’ कहकर संबोधित किया था।
प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. प्रमोद ओझा ने इंदिरा गांधी की वैज्ञानिक दृष्टि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1974 में पोखरण में भारत के प्रथम परमाणु परीक्षण का नेतृत्व भी इंदिरा गांधी ने ही किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दबाव और कुछ देशों की नाराज़गी के बावजूद उन्होंने राष्ट्रहित से कभी समझौता नहीं किया।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता कामेश्वर पांडेय, महिमा शंकर उपाध्याय, त्रियोगी मिश्र, रूनी देवी, कुमकुम देवी, संजय दुबे उर्फ पप्पू दुबे, रामप्रसाद द्विवेदी, निर्मला देवी, मोहन प्रसाद वर्मा, बब्बन तुरहा, लाल साहब सिंह, सुदर्शन सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने इंदिरा गांधी के अधूरे सपनों को पूरा करने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पटना कॉलेज के डॉ. सिद्धार्थ भारद्वाज, शिवम दुबे सहित कई विद्वानों ने भी इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं योगदान पर प्रकाश डाला और श्रद्धा सुमन अर्पित किए।कार्यक्रम के अंत में किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने धन्यवाद देते हुए कहा कि कांग्रेसजनों का दायित्व है कि वे राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए इंदिरा गांधी के विचारों और संघर्षशीलता को आगे बढ़ाएं।
