14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बक्सर में नौ बेंच गठित
प्रत्येक बेंच में एक न्यायिक पदाधिकारी, एक पैनल अधिवक्ता तथा एक पीठ लिपिक की तैनाती की गई है। ये सभी पीठें सुलह योग्य मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा करेंगी। इसके लिए विभिन्न न्यायालयों और विभागों में लंबित मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।

पहली पीठ में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय बक्सर मनोज कुमार के साथ पैनल अधिवक्ता रामानंद मिश्रा कार्य करेंगे। इस पीठ में भारतीय स्टेट बैंक से जुड़े सर्टिफिकेट केस, वैवाहिक विवाद तथा मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा। दूसरी पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सुदेश कुमार श्रीवास्तव और पैनल अधिवक्ता दीपिका कुमारी केसरी को जिम्मेदारी दी गई है। यहां जिला न्यायालय में लंबित विभिन्न सुलहनीय मामलों के साथ इंडियन बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारत संचार निगम लिमिटेड तथा ग्राम कचहरी से जुड़े मामलों की सुनवाई होगी।
तीसरी पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश संजीत कुमार सिंह तथा पैनल अधिवक्ता रेणु रणविजय ओझा बैंक ऑफ बड़ौदा, बंधन बैंक और अनुमंडल न्यायालय बक्सर के लंबित मामलों का निपटारा करेंगे। चौथी पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अमित कुमार शर्मा और पैनल अधिवक्ता मधु कुमारी अनुमंडल न्यायालय के आपराधिक मामलों के साथ आईडीबीआई बैंक, केनरा बैंक और बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित मामलों की सुनवाई करेंगे।
पांचवीं पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कमल कुमार तथा पैनल अधिवक्ता विष्णु दत्त द्विवेदी श्रम विभाग, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक बक्सर एवं डुमरांव तथा भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का निष्पादन करेंगे। छठी पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मानस कुमार वत्सल और पैनल अधिवक्ता सेवानंद उपाध्याय खनन विभाग, वन विभाग, ग्राम कचहरी, यूको बैंक और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबंधित मामलों की सुनवाई करेंगे।

सातवीं पीठ में अवर न्यायाधीश भोला सिंह और पैनल अधिवक्ता राजीव कुमार मिश्रा अरिहंत बैंक, सत्या माइक्रो कैपिटल लिमिटेड, टीवीएस क्रेडिट तथा एचडीबी फाइनेंस सर्विस से जुड़े मामलों का निपटारा करेंगे। आठवीं पीठ में अवर न्यायाधीश महेश्वर नाथ पांडे के साथ पैनल अधिवक्ता ज्योति शंकर और धर्मेंद्र कुमार बिजली चोरी से जुड़े मामलों के साथ सोनाटा फाइनेंस और जिला परिवहन विभाग के मामलों की सुनवाई करेंगे। वहीं नौवीं पीठ में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी मानवेंद्र सिंह और पैनल अधिवक्ता कंचन कुमारी न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय में लंबित आपराधिक मामलों तथा माप-तौल विभाग और पंजाब नेशनल बैंक बक्सर व डुमरांव से जुड़े मामलों का सुलह के आधार पर निपटारा करेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सह अवर न्यायाधीश नेहा दयाल ने जिले के लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में जिले के विभिन्न न्यायालयों में लंबित करीब तीन हजार मामलों के निपटारे का लक्ष्य रखा गया है। विशेष रूप से बैंक ऋण से जुड़े मामलों में बैंकों द्वारा छूट देने का भी आश्वासन दिया गया है, जिससे लोगों को अपने विवादों के समाधान का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत जनता की अदालत है और इसकी सफलता आम लोगों की सहभागिता पर ही निर्भर करती है।
