लोकतंत्र के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने की तैयारी, भाजपा चलाएगी जनजागरण अभियान
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए भाजपा अब लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच अपनी बात पहुंचाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।

__ बक्सर में पार्टी की बैठक में बनी रणनीति, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और जनसंपर्क बढ़ाने पर दिया गया जोर
केटी न्यूज/बक्सर।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए भाजपा अब लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच अपनी बात पहुंचाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें संगठन को मजबूत बनाने के साथ जनजागरण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा की गई।बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन लक्ष्मण शर्मा ने किया। बैठक में भाजपा के प्रदेश मंत्री सह शाहाबाद क्षेत्रीय प्रभारी प्रभाकर मिश्रा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में अफवाहों के जरिए जनता को भ्रमित करने और देश को अस्थिर करने की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जागरूक जनता ऐसे प्रयासों को समझते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगी।वहीं, प्रदेश मंत्री प्रभाकर मिश्रा ने कांग्रेस और उसके समर्थित दलों पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद चुनाव आयुक्त पर वोट चोरी का आरोप लगाना और उनके इस्तीफे की मांग करना लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने जैसा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर संवैधानिक व्यवस्था, लोकतांत्रिक परंपराओं और जनादेश के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर संवाद करें।बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।मौके पर विनोद राय, निर्भय राय, इंदु देवी, रमेश गुप्ता, सुधा गुप्ता, भुटेली तिवारी, दीपक पांडेय, हिरामन पासवान, राजाराम पांडेय, जितेंद्र दुबे, जयप्रकाश राय, रामाश्रय राम, अविनाश पांडेय, अमरेंद्र पांडेय और भास्कर सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे। अंत में धनंजय त्रिगुण ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


