फरार भाइयों पर शिकंजा कसने को पुलिस का बड़ा दांव, घोषित किया 50-50 हजार का इनाम
गंभीर आपराधिक मामले में फरार चल रहे सगे भाइयों की गिरफ्तारी के लिए बक्सर पुलिस ने बड़ा दांव खेलते हुए उन पर इनाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। इस घोषणा के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश बढ़ा दी गई है।
-- तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र के तवक्कल राय के डेरा गांव के रहने वाले है सगे भाई, हत्या के प्रयास कांड में है वांछित, गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित
केटी न्यूज/बक्सर
गंभीर आपराधिक मामले में फरार चल रहे सगे भाइयों की गिरफ्तारी के लिए बक्सर पुलिस ने बड़ा दांव खेलते हुए उन पर इनाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। इस घोषणा के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश बढ़ा दी गई है।तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र के तवक्कल राय के डेरा गांव निवासी धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव और उनके भाई ओमप्रकाश यादव, दोनों पिता रामअवतार यादव, थाना कांड संख्या 187/23 में नामजद हैं।

दोनों पर हत्या के प्रयास समेत कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज है। इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 307 और 338 के तहत कार्रवाई चल रही है।एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक आरोपी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। इस तरह कुल इनामी राशि एक लाख रुपये निर्धारित की गई है। घोषित इनाम की वैधता दो वर्षों तक रहेगी और विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों भाई घटना के बाद से लगातार ठिकाना बदल रहे हैं। गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर निगरानी तेज कर दी गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपियों के संबंध में कोई भी पुख्ता सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि कानून के शिकंजे से उन्हें जल्द बाहर न रहने दिया जा सके।
