फोरलेन पर हादसा, डायल 112 की तत्परता से बची घायल की जान
नया भोजपुर के सब्जी मंडी के पास शुक्रवार की दोपहर फोरलेन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन डायल 112 की त्वरित कार्रवाई और एंबुलेंस की समय पर पहुंच से उसकी जान बच गई।

-- नया भोजपुर में तेज रफ्तार चारपहिया की टक्कर से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
केटी न्यूज/बक्सर
नया भोजपुर के सब्जी मंडी के पास शुक्रवार की दोपहर फोरलेन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन डायल 112 की त्वरित कार्रवाई और एंबुलेंस की समय पर पहुंच से उसकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, डुमरांव अनुमंडल के लालगंज कड़वी गांव निवासी पप्पू शर्मा शुक्रवार को नया भोजपुर स्थित स्थानीय सब्जी मंडी से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे फोरलेन पार करने लगे, तभी पटना से बक्सर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार चारपहिया गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही नया भोजपुर पुलिस की टीम जितेंद्र कुमार और छोटेलाल कुमार मौके पर पहुंची। दोनों जवानों ने बिना देर किए स्थिति का आंकलन कर घायल को एनएचएआई की एंबुलेंस से डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि समय पर उपचार मिलने से घायल की स्थिति अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। स्थानीय लोगों ने डायल 112 टीम की तत्परता और मानवता पूर्ण कार्य की सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस टीम और एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
गौरतलब है कि फोरलेन मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं घट रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पार करने के लिए अंडरपास या फुटओवर ब्रिज जैसी स्थायी व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और गति नियंत्रण की आवश्यकता को रेखांकित किया है। थानाध्यक्ष चंदन ने बताया कि वाहन की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।