बधार में मिला अधेड़ का शव, बीमारी से मौत की आशंका

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पड़री-जगदीशपुर मार्ग पर रेलवे लाइन के समीप रविवार की सुबह बधार में एक 58 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर मामले की जांच शुरू की।

बधार में मिला अधेड़ का शव, बीमारी से मौत की आशंका

केटी न्यूज/चौसा : 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पड़री-जगदीशपुर मार्ग पर रेलवे लाइन के समीप रविवार की सुबह बधार में एक 58 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर मामले की जांच शुरू की।पुलिस को मृतक की जेब से वोटर कार्ड मिला। इसके आधार पर उसकी पहचान केसठ निवासी गोपाल महतो के 58 वर्षीय पुत्र मदन महतो के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगे।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मदन महतो शनिवार की सुबह घर से निकले थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह लंबे समय से बीमारी से भी परेशान थे। घर से निकलने के बाद वह पड़री-जगदीशपुर मार्ग तक कैसे पहुंचे और बधार में उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी।मुफस्सिल चौकी पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की प्रारंभिक जांच की। शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी तरह के कटे-फटे अथवा चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने बीमारी के कारण हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।