23 साल बाद बदलेगी नया भोजपुर थाने की तस्वीर, आधुनिक भवन निर्माण का शुभारंभ

नया भोजपुर थाना अब नए स्वरूप में नजर आएगा। करीब 23 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को थाना के नए भवन निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के अभियंताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

23 साल बाद बदलेगी नया भोजपुर थाने की तस्वीर, आधुनिक भवन निर्माण का शुभारंभ

__ जर्जर भवन से मिलेगी मुक्ति, जी+3 मॉडल थाना 14 माह में होगा तैयार; थानाध्यक्ष की पहल से वर्षों पुरानी योजना ने पकड़ी रफ्तार

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना अब नए स्वरूप में नजर आएगा। करीब 23 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को थाना के नए भवन निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के अभियंताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।लंबे समय से जर्जर और अस्थायी भवन में संचालित हो रहे थाना को अब आधुनिक सुविधाओं से लैस नया भवन मिलेगा। इस निर्माण कार्य को लेकर सबसे अहम भूमिका थानाध्यक्ष चंदन कुमार की पहल को माना जा रहा है। थाना का प्रभार संभालने के बाद उन्होंने लंबित योजना को प्राथमिकता देते हुए बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम को लगातार तीन बार पत्र भेजकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की थी।

उनकी पहल के बाद वर्षों से अटकी परियोजना अब जमीन पर उतर सकी है।जानकारी के अनुसार नया भोजपुर थाना भवन का निर्माण जी+3 मॉडल पर किया जाएगा। यानी ग्राउंड फ्लोर के अलावा तीन मंजिला आधुनिक भवन तैयार होगा। पूरे थाना परिसर का साइट प्लान करीब 180 फीट लंबा और 190 फीट चौड़ा तैयार किया गया है। इसमें मुख्य भवन की लंबाई 100 फीट और चौड़ाई 80 फीट होगी। भवन निर्माण निगम ने इस परियोजना को 14 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।नए थाना भवन में पुलिसकर्मियों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक व्यवस्थाएं होंगी। इसमें महिला हेल्प डेस्क, अत्याधुनिक हाजत, कंट्रोल रूम, रिकॉर्ड रूम सहित पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

नए भवन के तैयार होने के बाद पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ आम लोगों को भी बेहतर सेवा मिलने की उम्मीद है।बताया जाता है कि थाना भवन निर्माण की स्वीकृति काफी पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से मामला लंबे समय तक लंबित रहा। दो वर्ष पूर्व मिट्टी जांच की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी, बावजूद इसके निर्माण शुरू नहीं हो सका था। अब प्रशासनिक स्तर पर प्रयास तेज होने के बाद काम शुरू हो पाया है।फिलहाल नया भोजपुर थाना एक पुराने जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकना, दीवारों में दरार और अन्य समस्याओं के बीच पुलिसकर्मी वर्षों से काम करने को मजबूर थे। कई बार भवन की खराब स्थिति को लेकर चिंता जताई गई थी। ऐसे में नए भवन का निर्माण पुलिसकर्मियों के साथ-साथ थाना क्षेत्र के लोगों के लिए भी बड़ी राहत मानी जा रही है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के सहायक अभियंता तरुण कुमार, कनीय अभियंता राजू नंदन चौधरी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एसआई सुमन कुमार, एएसआई दिलीप कुमार सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वहीं जनप्रतिनिधियों में राजू राय, धर्मेंद्र कुमार सिंह, अमित चौरसिया, भरत चौधरी और अशफाक अंसारी सहित अन्य लोग शामिल हुए।पिछले वर्ष अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान भी जल्द निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि देरी के बाद अब जब कार्य शुरू हुआ है तो पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों में नए भवन को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। नया भोजपुर थाना भवन क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित होगा।