प्रेमिका से मिलने की जिद बनी मुसीबत, हाईटेंशन टॉवर पर चढ़े युवक को पुलिस ने भेजा जेल
वासुदेवा थाना क्षेत्र के आथर गांव के समीप हाईटेंशन विद्युत टॉवर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने स्वयं के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई की है। इसकी पुष्टि वासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने की।

केटी न्यूज/डुमरांव
वासुदेवा थाना क्षेत्र के आथर गांव के समीप हाईटेंशन विद्युत टॉवर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने स्वयं के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई की है। इसकी पुष्टि वासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने की।जानकारी के अनुसार कचईनिया गांव निवासी सूरज कुमार पासवान ने बुधवार की दोपहर प्रेम संबंध से जुड़े विवाद के बाद ऐसा कदम उठाया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवक आथर गांव के समीप स्थित लगभग 1.32 लाख वोल्ट क्षमता वाले विद्युत टॉवर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह लगातार अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही वासुदेवा एवं कोरानसराय थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।करीब ढाई घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से संबंधित युवती को घटनास्थल पर बुलाया गया। युवती के पहुंचने के बाद युवक शांत हुआ और टॉवर से नीचे उतरने को तैयार हो गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने प्रेम संबंध को लेकर अपनी भावनात्मक परेशानी का जिक्र किया। पुलिस के अनुसार उसके इस कृत्य से न केवल उसकी जान जोखिम में पड़ी, बल्कि विद्युत व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था।थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने बताया कि सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी युवक को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से भावनात्मक आवेश में आकर इस तरह के खतरनाक कदम नहीं उठाने की अपील की है।

