ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से खेत में लगी आग, 6 बीघा पुआल जलकर राख

प्रखंड के दसियांव गांव के पूर्व बधार में शनिवार को ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण खेत में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के ग्रामीण घबराकर मौके पर जुट गए।

ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से खेत में लगी आग, 6 बीघा पुआल जलकर राख

केटी न्यूज/केसठ।

 प्रखंड के दसियांव गांव के पूर्व बधार में शनिवार को ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण खेत में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के ग्रामीण घबराकर मौके पर जुट गए।घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत पंपसेट चालू कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे अन्य खेतों में फैलने से रोका जा सका। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो बड़ी क्षति हो सकती थी।

इस आगजनी की घटना में किसान पिंटू दूबे का करीब छह बीघा खेत में रखा पुआल पूरी तरह जलकर राख हो गया। इससे उनके पशुओं के लिए चारे की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। घटना के बाद किसान और उनके परिजन काफी चिंतित हैं।ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना बिजली विभाग के जेई अवनीश कुमार को दी। सूचना मिलते ही एहतियातन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।