कृषि वर्ष 2025-26, अतरौना में खरीफ धान कटनी प्रयोग सफल, प्रति हेक्टेयर 53.16 क्विंटल उपज

प्रखंड इटाढ़ी के अतरौना पंचायत में सोमवार को खरीफ धान फसल के तहत आयोजित कटनी प्रयोग का निरीक्षण उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आकाश चौधरी ने किया। ग्राम अतरौना के प्रगतिशील किसान कौशलेन्द्र कुमार सिंह के खेत में किए गए इस वैज्ञानिक पद्धति आधारित कटनी प्रयोग ने बेहतर परिणाम दिए, जिससे क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखा जा रहा है।

कृषि वर्ष 2025-26, अतरौना में खरीफ धान कटनी प्रयोग सफल, प्रति हेक्टेयर 53.16 क्विंटल उपज

-- उप विकास आयुक्त ने किया निरीक्षण, किसानों को मिलेगा लाभकारी उपज अनुमान

केटी न्यूज/बक्सर

प्रखंड इटाढ़ी के अतरौना पंचायत में सोमवार को खरीफ धान फसल के तहत आयोजित कटनी प्रयोग का निरीक्षण उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आकाश चौधरी ने किया। ग्राम अतरौना के प्रगतिशील किसान कौशलेन्द्र कुमार सिंह के खेत में किए गए इस वैज्ञानिक पद्धति आधारित कटनी प्रयोग ने बेहतर परिणाम दिए, जिससे क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखा जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस प्रकार के प्रयोग कृषि उपज का वास्तविक और वैज्ञानिक आकलन प्रस्तुत करते हैं। इससे जहां किसानों को सटीक उत्पादन अनुमान मिलता है, वहीं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित होती है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे प्रयोगों को व्यापक रूप से प्रचारित कर किसानों को आधुनिक कृषि पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

कटनी प्रयोग 10 मीटर लंबे व पांच मीटर चौड़ाई वाले आयताकार खेत में किया गया। निर्धारित खेत की कटनी के बाद कुल 26.580 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। वैज्ञानिक गणना के अनुसार यह प्रति हेक्टेयर 53.16 क्विंटल की औसत पैदावार दर्शाती है, जिसे वर्तमान मौसम और परिस्थितियों में अत्यंत संतोषजनक माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के प्रयोग किसानों को फसल प्रबंधन, तकनीकी हस्तक्षेप और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हैं।

इस मौके पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी बक्सर, जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी इटाढ़ी, अंचल अधिकारी इटाढ़ी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी बक्सर एवं इटाढ़ी, अवर सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी इटाढ़ी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और किसान उपस्थित थे। ग्रामीणों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि वैज्ञानिक आधार पर की गई ऐसी गतिविधियां खेती को अधिक लाभकारी और योजनाओं को अधिक भरोसेमंद बनाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त ने किसान कौशलेन्द्र कुमार सिंह की सराहना की और कहा कि प्रगतिशील किसानों की भागीदारी से ही कृषि क्षेत्र में तकनीकी सुधार तेजी से संभव हो पाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंडों में कटनी प्रयोग को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए ताकि पूरे जिले का सटीक उपज आंकड़ा तैयार हो सके।