टिकट विवाद ने बिगाड़ा खेल, डुमरांव में क्यों हारे अजीत कुशवाहा

विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब राजनीतिक विश्लेषणों का दौर जारी है। डुमरांव सीट पर महागठबंधन के समर्पित और लोकप्रिय प्रत्याशी माने जाने वाले डॉ. अजीत कुशवाहा की हार से कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों से लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं तक, हर जगह यह सवाल तैर रहा है कि क्या राजद के अंदरूनी मतभेद और टिकट बंटवारे में हुई आपसी होड़ ने ही महागठबंधन की इस सीट को कमजोर कर दिया। जानकार बताते हैं कि चुनाव से पहले राजद के स्थानीय स्तर पर गंभीर खींचतान देखने को मिली।

टिकट विवाद ने बिगाड़ा खेल, डुमरांव में क्यों हारे अजीत कुशवाहा

-- राजद के पारिवारिक मदभेद और टिकट को लेकर आपसी खींचतान ने डुमरांव में महागठबंधन की उम्मीदें तोड़ी

पीके बादल/केसठ

विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब राजनीतिक विश्लेषणों का दौर जारी है। डुमरांव सीट पर महागठबंधन के समर्पित और लोकप्रिय प्रत्याशी माने जाने वाले डॉ. अजीत कुशवाहा की हार से कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों से लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं तक, हर जगह यह सवाल तैर रहा है कि क्या राजद के अंदरूनी मतभेद और टिकट बंटवारे में हुई आपसी होड़ ने ही महागठबंधन की इस सीट को कमजोर कर दिया। जानकार बताते हैं कि चुनाव से पहले राजद के स्थानीय स्तर पर गंभीर खींचतान देखने को मिली। कई दावेदार अपनी अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय थे, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष का माहौल बना रहा। टिकट फाइनल होने के बाद भी बिखराव पूरी तरह नहीं सिमटा। कार्यकर्ताओं का एक बड़ा हिस्सा मैदान में तो उतरा, लेकिन वह जरूरी जोश और एकजुटता नहीं दिखी, जो किसी भी चुनावी मुकाबले में जीत के लिए अनिवार्य मानी जाती है।

कई क्षेत्रीय विश्लेषकों का मानना है कि राजद परिवार में जारी मतभेदों ने भी माहौल को प्रभावित किया। शीर्ष नेतृत्व से नीचे तक संदेशों के अभाव, संगठनात्मक स्तर पर तालमेल की कमी और अंतर्कलह ने महागठबंधन की रणनीति को कमजोर किया। परिणाम यह हुआ कि विरोधी पक्ष ने इस स्थिति का पूरा लाभ उठाया और बूथ स्तर पर आक्रामक रणनीति अपनाई।

डॉ. अजीत कुशवाहा की व्यक्तिगत लोकप्रियता, जनसंपर्क और सादगी के बावजूद पार्टी का कमजोर मैनेजमेंट और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल की कमी भारी पड़ती दिखी। कई बूथों पर महागठबंधन का वोट अपेक्षा से कम रहा, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि यदि संगठन मजबूत होता, टीमवर्क बेहतर होता और टिकट को लेकर विवाद न पनपता, तो परिणाम कुछ और हो सकता था।चुनावी नतीजों के बाद अब यह चर्चा भी है कि महागठबंधन को भविष्य के लिए अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना होगा। टिकट वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता, स्थानीय नेतृत्व को महत्व और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करना ही आगे की राजनीति में सफलता की कुंजी साबित हो सकता है।डुमरांव में मिली हार ने निश्चित रूप से महागठबंधन को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सिर्फ अच्छे प्रत्याशी ही नहीं, बल्कि मजबूत संगठन और एकजुटता ही जीत का वास्तविक आधार है।