रात्रि ओडी ड्यूटी में लापरवाही पर एसपी सख्त, तीन पुलिस पदाधिकारी निलंबित

जिले में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए रात्रि में ओडी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और लापरवाह अधिकारियों-कर्मियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

रात्रि ओडी ड्यूटी में लापरवाही पर एसपी सख्त, तीन पुलिस पदाधिकारी निलंबित

केटी न्यूज/बक्सर। 

जिले में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए रात्रि में ओडी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और लापरवाह अधिकारियों-कर्मियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।निलंबित किए गए पुलिस पदाधिकारियों में नगर थाना के पीटीसी अमरजीत कुमार, नया भोजपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक नजरूहक तथा औद्योगिक थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अमरेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं। एसपी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 2 मई की रात औचक निरीक्षण के दौरान इन सभी पदाधिकारियों की ड्यूटी की जांच की गई थी।

निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि उक्त पुलिस पदाधिकारी ओडी ड्यूटी के दौरान अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर रूप से लापरवाह थे। साथ ही उन्होंने वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों की भी अवहेलना की। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया और जांच में दोषी पाए जाने पर तीनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।एसपी शुभम आर्य ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता और ईमानदारी से करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में जवाबदेही को लेकर संदेश गया है। वहीं आम लोगों ने एसपी के इस कदम की सराहना की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों में ही लापरवाही बरतेंगे तो अपराध नियंत्रण कैसे संभव होगा। ऐसे में इस तरह की सख्त कार्रवाई से व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।लोगों का मानना है कि पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बना सकती है। एसपी की इस पहल को उसी दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।