बैंक ऑफ इंडिया सोवा शाखा सोमवार से होगी संचालित
सोवा स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में गुरुवार की देर शाम हुई अगलगी की घटना के बाद बंद पड़ी बैंकिंग सेवाएं अब सोमवार से पुनः शुरू हो जाएंगी। शाखा प्रबंधन ने पुष्टि की है कि आवश्यक तकनीकी सुधार और उपकरणों की व्यवस्था लगभग पूरी कर ली गई है, जिसके बाद ग्राहकों को सामान्य रूप से लेन-देन की सुविधा मिल सकेगी।
-- शॉर्ट सर्किट से आग के बाद दो दिन सेवा रही बाधित, तकनीकी सुधार के बाद फिर से खुलेगा बैंक
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
सोवा स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में गुरुवार की देर शाम हुई अगलगी की घटना के बाद बंद पड़ी बैंकिंग सेवाएं अब सोमवार से पुनः शुरू हो जाएंगी। शाखा प्रबंधन ने पुष्टि की है कि आवश्यक तकनीकी सुधार और उपकरणों की व्यवस्था लगभग पूरी कर ली गई है, जिसके बाद ग्राहकों को सामान्य रूप से लेन-देन की सुविधा मिल सकेगी।जानकारी के अनुसार, बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण बैंक परिसर के भीतर अचानक आग लग गई थी। आग ने कंप्यूटर सिस्टम, जरूरी कागजात और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया, जिससे शाखा का पूरा तकनीकी ढांचा प्रभावित हो गया।

हालांकि स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी क्षति टल गई।घटना के बाद शुक्रवार और शनिवार को शाखा में लेन-देन पूरी तरह बंद रहा। इससे सोवा और आसपास के गांवों के हजारों खाताधारकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। ग्राहकों की परेशानी को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत संबंधित शाखाओं में सीमित सेवाएं उपलब्ध कराईं। सोवा शाखा के दो कर्मचारियों को अस्थायी रूप से अन्य शाखा में प्रतिनियुक्त किया गया, ताकि आवश्यक बैंकिंग कार्य प्रभावित न हो।

शाखा प्रबंधक तरुण कुमार ने बताया कि आग से प्रभावित तकनीकी उपकरणों को बदलने का कार्य तेजी से किया गया है। नए कंप्यूटर सिस्टम और जरूरी संसाधन स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे सोमवार से शाखा सामान्य रूप से संचालित हो सकेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ किया जाएगा।घटना को लेकर स्थानीय थाने में लिखित आवेदन दिया गया है, जिस पर सनहा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि सोमवार से बैंकिंग सेवा फिर से पटरी पर लौटेगी।

