जिले में 277 पैक्स चुनाव की तैयारियां शुरू, 5 लाख मतदाता करेंगे मतदान

सारण जिले में 277 पैक्सों के अध्यक्ष पद और प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य पदों के लिए चुनाव नवंबर-दिसंबर में पांच चरणों में होने की संभावना है।

जिले में 277 पैक्स चुनाव की तैयारियां शुरू, 5 लाख मतदाता करेंगे मतदान

केटी न्यूज़/छपरा

सारण जिले में 277 पैक्सों के अध्यक्ष पद और प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य पदों के लिए चुनाव नवंबर-दिसंबर में पांच चरणों में होने की संभावना है। इस चुनाव की पूर्व तैयारी को लेकर जिलाधिकारी अमन समीर ने शुक्रवार को एक बैठक की।

इस चुनाव में पांच लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नौ अक्टूबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद 22 अक्टूबर तक दावा और आपत्ति प्राप्त की जाएगी। इन दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद 25 अक्टूबर को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिले में कुल 863 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, और मतदान समाप्त होने के उसी दिन मतगणना भी की जाएगी।

इस चुनाव के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी निर्वाची पदाधिकारी होंगे, और उन्हें जिलाधिकारी के अनुमोदन से सहायक निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को प्रखंड स्तर पर आवश्यक कोषांगों का गठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

साफ और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ भारत नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उपविकास आयुक्त, जिला सहकारिता पदाधिकारी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल और प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हुए।