एनएच-319 पर खड़े ट्रक में डंपर की टक्कर से लगी भीषण आग, चालक-खलासी बाल-बाल बचे
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के एनएच-319 पर स्थित टीकपोखर गांव के पास शनिवार को एक खड़े ट्रक में पीछे से डंपर की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद डंपर के इंजन में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा डंपर उसकी चपेट में आ गया। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि डंपर के चालक और खलाशी समय रहते वाहन से कूदकर भाग निकले, जिससे उनकी जान बच गई।

केटी न्यूज/नावानगर
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के एनएच-319 पर स्थित टीकपोखर गांव के पास शनिवार को एक खड़े ट्रक में पीछे से डंपर की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद डंपर के इंजन में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा डंपर उसकी चपेट में आ गया। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि डंपर के चालक और खलाशी समय रहते वाहन से कूदकर भाग निकले, जिससे उनकी जान बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़ा ट्रक का टायर पंचर होने के कारण रुका हुआ था। इसी दौरान पीछे से गिट्टी लदा एक अनियंत्रित डंपर आकर ट्रक से टकरा गया।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंजन के पास शॉर्ट सर्किट हो गया और डंपर के इंजन से आग की लपटें उठने लगीं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। साथ ही ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सोनवर्षा थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना से छोटी अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उसे काबू करना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद जगदीशपुर, आरा और डुमरांव अग्निशमन केंद्र से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में डंपर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

इधर ग्रामीणों की मानें तो उन्हें डर था कि डंपर में लगी आग पर काबू पाने में विलंब हुई तो टायर से उठती आग की लपटे कहीं सडक किनारे लगी गेहूं की खेतों तक पहुंच ना जाए। ऐसा होता तो सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल भी आग की भेंट चढ़ जाती। इससे इंकार नहीं किया जा सकता था। पर समय रहते फायर ब्रिगेड कर्मियों एवं ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया।डुमरांव की अग्निशमालय पदाधिकारी शिखा कुमारी ने बताया कि टिकपोखर के पास ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत अग्निशमन वाहन को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि हर समय अग्निशमन वाहन को तैयार मोड में रखा जाता है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाया जा सके।

