डुमरांव में बड़ा हादसा टला: बिजली पोल से टकराने के बाद कार में लगी आग, सभी सवार सुरक्षित
डुमरांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।घटना हरियाणा फार्म स्थित बीएमपी गेट के समीप की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हुंडई औरा कार तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।कार में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत दरवाजे और खिड़कियां खोलकर बाहर निकलने में सफलता पाई। लोगों का कहना है कि यदि कुछ सेकेंड की भी देरी होती, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। बाद में दमकल विभाग को सूचना दी गई।अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण टीम के पहुंचने तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।फिलहाल हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है, हालांकि कार पूरी तरह नष्ट हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

