दिल्ली की गर्मी हुई क़ातिल, एक शख्स की ली जान

दिल्ली में हीटवेव ने एक शख्स की जान ले ली है।इस सीजन भीषण गर्मी से दिल्ली में यह पहली मौत है.

दिल्ली की गर्मी हुई क़ातिल, एक शख्स की ली जान
Death from heatwave

केटी न्यूज़/दिल्ली

गर्मी के कारण अभी तक यूपी-बिहार और राजस्थान में लू से मरने की खबरें आ रही थी।मगर अब दिल्ली में भी लू ने जान लेना शूरू कर दिया है।अब दिल्ली की गर्मी कातिल हो चुकी है।इसलिए भीषण गर्मी को हल्के में लेने वाले सावधान हो जाएं।दिल्ली में गर्मी ने पिछले 79 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 79 सालों बाद दिल्ली में इतनी गर्मी पड़ रही है।

दिल्ली में हीटवेव ने एक शख्स की जान ले ली है।इस सीजन भीषण गर्मी से दिल्ली में यह पहली मौत है। 40 वर्षीय शख्स की  राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हीट स्ट्रोक से मौत हो गई।मृतक पिछले 5 सालों से दिल्ली में काम कर रहा था।वह बिहार के दरभंगा का रहने वाला था।भीषण गर्मी की वजह से जान गंवाने वाला शख्स पाइपलाइन फिटिंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम करता था।उसे उसके रूममेट और फैक्ट्री के दूसरे स्टाफ ने सोमवार आधी रात को आरएमएल में भर्ती कराया था।उसका इलाज करने वाले एक डॉक्टर ने बताया कि वह बिना कूलर या पंखे वाले कमरे में रह रहा था। उसे बहुत तेज बुखार हो गया था। उसके शरीर का तापमान 107 डिग्री फारेनहाइट से ऊपर चला गया।

अस्पताल पहुंचने के बाद उसे तुरंत हीट स्ट्रोक यूनिट में भर्ती कराया गया था। वह मंगलवार शाम तक यूनिट में रहा। बुधवार सुबह उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।डॉक्टर ने बताया कि उसकी मौत दोपहर करीब 3 बजे हुई। दिल्ली में बढ़ते तापमान की वजह से 8 मई को आरएमएल अस्पताल में पहली बार एक हीट स्ट्रोक यूनिट की स्थापना की गई है।