खेत बंटवारे के पुराने विवाद में खूनी संघर्ष, गेहूं ढुलाई रोकने पर चले लाठी-डंडे

राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव में सोमवार को खेत बंटवारे के पुराने विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। गेहूं की कटनी के बाद ढुलाई के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

खेत बंटवारे के पुराने विवाद में खूनी संघर्ष, गेहूं ढुलाई रोकने पर चले लाठी-डंडे

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव में सोमवार को खेत बंटवारे के पुराने विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। गेहूं की कटनी के बाद ढुलाई के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार, सोनपा गांव में दो परिवारों के बीच काफी समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को विवादित खेत में गेहूं की कटनी के बाद एक पक्ष के कमलेश कुमार सेठ अपने हिस्से की फसल की ढुलाई करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के अनुज कुमार सेठ ने गेहूं ले जाने का विरोध किया और ढुलाई रोकने को कहा।

बताया जाता है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले तीखी नोकझोंक हुई। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोग जुट गए और लाठी-डंडे चलने लगे। अचानक हुए इस संघर्ष से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़ पड़े।मारपीट में एक पक्ष के कमलेश कुमार सेठ जबकि दूसरे पक्ष के अनुज कुमार सेठ और उनके पुत्र राहुल कुमार घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। बाद में सभी को घर भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाना में लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।गांव के लोगों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी है। ताजा घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर मामले का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।