डुमरांव में अमन की दुआ के साथ धूमधाम से मनाया गया ईद का त्योहार
सोमवार को डुमरांव में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा ईद का त्योहार बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। स्थानीय ईदगाह में बड़ी तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ ईद की नमाज पढ़ी। अहले सुबह से तैयार होने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में पहुंचे और नमाज अदा की। उसके बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।

केटी न्यूज/डुमरांव

इस दौरान बच्चे, युवा और बुजुर्गों में खासा उत्साह दिखा। वहीं, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का भी पुख्ता इंतजाम रहा है। मुस्लिम समाज के लोगों ने देश में अमन और शांति के लिए दुआ मांगी। नमाज अदा करने से पूर्व मुस्लिम समाज सुबह से ही नये-नये परिधान पहनकर और इत्र लगाकर ईदगाह और मस्जिदों में जमा होना शुरू हो गये। सबसे ज्यादा नमाजियों की चहलकदमी ईदगाह के तरफ होती रही। शहर के हर मोहल्लों से नमाजी ईदगाह की ओर बढ़ रहे थे।
नमाज के वक्त ईदगाह सहित शहर के सभी मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। इस दौरान मुख्य सड़क पर वाहनों का परिचालन बंद रहा। एसडीओ राकेश कुमार, एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी, बीडीओ संदीप कुमार पांडेय, कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार, थानाध्यक्ष शंभू भगत सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया सहित हर गतिविधियों पर नजर बनाये हुए थे।
इसके अलावे कई पुलिस अधिकारी विभिन्न मस्जिदों पर तैनात किये गये थे। साथ ही पुलिस गश्ती के अलावे चौक-चौराहे लफी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी, जो असमाजिक तत्वों पर अपनी पैनी निगाह रख रहे थे।