सड़क दुर्घटना में जख्मी किशोर की मौत, पसरा मातम

सड़क दुर्घटना में जख्मी किशोर की मौत, पसरा मातम

- बहन के ससुराल से लौटने के दौरान रास्ते में हुआ हादसा, जिला मुख्यालय में इलाज के दौरान तोड़ा दम

केटी न्यूज/सिमरी

सिमरी थाना क्षेत्र के सिमरी बड़का राजपुर पथ पर अज्ञात वाहन के धक्के से एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजनों द्वारा इलाज के लिए उसे जिला मुख्यालय ले जाया गया था जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के खंधरा गांव निवासी सभापति यादव का 15 वर्षीय पुत्र दीपू कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार वह बुधवार को अपनी बहन का ससुराल छोटका राजपुर गांव गया था। शाम में पैदल ही छोटका राजपुर से अपने गांव खंधरा जा रहा था। रास्ते में राजा के बागीचे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन गंभीर अवस्था में उसे इलाज के लिए बक्सर ले गए।

जहां इलाज के दौरान रात एक बजे किशोर ने दम तोड़ दिया। इस घटना से पीड़ित परिवार काफी मर्माहत है। गुरूवार को सुबह उसका अंतिम संस्कार किया गया। इधर पूरे दिन घर में रोने चिखने की आवाजे आती रही। परिजनों के क्रंदन चित्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। हालांकि उसे टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है।