ब्लाइंड लूटकांड का पर्दाफाश, अंतरजिला गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार
सोनवर्षा थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड लूटकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरजिला गिरोह से जुड़े चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने लूट के दौरान छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा रविवार को डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने प्रेस वार्ता में किया।

__ एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी की बड़ी सफलता, लूटा गया मोबाइल बरामद; एक नाबालिग भी पकड़ा गया
केटी न्यूज/डुमरांव
सोनवर्षा थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड लूटकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरजिला गिरोह से जुड़े चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने लूट के दौरान छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा रविवार को डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने प्रेस वार्ता में किया।एसडीपीओ ने बताया कि 28 जनवरी 2026 को गिरिधर बरांव गांव निवासी राहुल कुमार ने सोनवर्षा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। राहुल ने पुलिस को बताया था कि 27 जनवरी की रात करीब साढ़े छह बजे वह बगेन बाजार से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया।

बदमाशों ने चाकू मारकर उसे घायल कर दिया और उसके पास रखा मोबाइल फोन तथा 1900 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए थे।घटना के बाद पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान सबसे बड़ी चुनौती थी। मामला पूरी तरह ब्लाइंड था और पुलिस के पास कोई प्रत्यक्ष सुराग नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।एसआईटी ने मानवीय सूचना, तकनीकी अनुसंधान तथा वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई। लगातार की गई छानबीन और साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल रही।

छापेमारी अभियान चलाकर घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से राहुल कुमार से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों में गिरिधर बरांव निवासी रितेश कुमार, भोजपुर जिले के अगियांव बाजार निवासी विनय प्रकाश तथा गिरिधर बरांव निवासी मिथुन कुमार शामिल हैं। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान सभी आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी अंतरजिला गिरोह से जुड़े हुए हैं और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं। गिरोह के सदस्यों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। गिरफ्तार रितेश कुमार के विरुद्ध पहले से भी सोनवर्षा थाना में आपराधिक मामला दर्ज है।

उन्होंने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।एसडीपीओ ने कहा कि अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। किसी भी घटना में शामिल अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस सफल कार्रवाई में शामिल एसआईटी टीम को भी पुलिस अधिकारियों ने सराहना दी है।

