सरकारी विद्यालय का भंडार गृह बना चोरों का निशाना, शैक्षणिक उपकरण समेत सामान गायब
कृष्णाब्रह्म प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय दियाँ परमेश्वर में चोरी की घटना से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने विद्यालय के भंडार गृह का ताला काटकर शैक्षणिक उपकरणों समेत अन्य आवश्यक सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म :
कृष्णाब्रह्म प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय दियाँ परमेश्वर में चोरी की घटना से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने विद्यालय के भंडार गृह का ताला काटकर शैक्षणिक उपकरणों समेत अन्य आवश्यक सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।प्रधानाध्यापक मनोज कुमार साहु ने बताया कि 18 जुलाई की शाम नियमित पठन-पाठन समाप्त होने के बाद विद्यालय में ताला बंद कर सभी शिक्षक अपने-अपने घर चले गए थे। 20 जुलाई की सुबह जब वह विद्यालय पहुंचे तो भंडार गृह का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो विद्यालय में सुरक्षित रखा गया म्यूजियम यंत्र सहित अन्य सामग्री गायब थी। चोरी की घटना के बाद विद्यालय कर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। प्रधानाध्यापक के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संभावित सुराग जुटाने में लगी है।विद्यालय प्रशासन ने आशंका जताई है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया है। चोरी से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

