नौ साल से पुलिस को चकमा दे रहा स्कॉर्पियो चोर आखिर चढ़ा हत्थे
करीब नौ साल पहले यूपी के दिलदारनगर से चोरी हुई स्कॉर्पियो के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपित को गिरफ्तार कर पुराने केस की बंद पड़ी कड़ियों को जोड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपित सिमरी थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी मनोज भर बताया जाता है।

__ दिलदारनगर से चोरी वाहन बरामदगी के बाद खुली थी गिरोह की कड़ी, पहचान बदलकर पेंटर का काम कर रहा था मनोज भर
__ स्कॉर्पियो चोरी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
केटी न्यूज/डुमरांव।
करीब नौ साल पहले यूपी के दिलदारनगर से चोरी हुई स्कॉर्पियो के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपित को गिरफ्तार कर पुराने केस की बंद पड़ी कड़ियों को जोड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपित सिमरी थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी मनोज भर बताया जाता है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले वह लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचता रहा और पेंटर का काम कर अपना ठिकाना बदल-बदलकर रह रहा था।मामला वर्ष 2017 का है। उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर थाना क्षेत्र से स्कॉर्पियो चोरी होने के बाद इस संबंध में कांड संख्या 175/17 दर्ज की गई थी। चोरी के बाद वाहन बिहार पहुंचा और डुमरांव थाना क्षेत्र के बनकट गांव से पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। उस समय वाहन के चालक रामपुर मठिया निवासी सुरेश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

वाहन बरामद होने के बाद पुलिस की पूछताछ में सामने आए तथ्यों ने इस चोरी के पीछे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का रास्ता खोला। इसी क्रम में मनोज भर का नाम भी सामने आया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। हालांकि, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदलता रहा।गुरुवार को पुलिस को मिली गुप्त सूचना के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्कॉर्पियो चोरी की घटना में उसकी भूमिका क्या थी और उसके साथ इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

