48 घंटे में लूटकांड का पर्दाफाश करने वाले थानाध्यक्ष चंदन कुमार को एसपी ने किया सम्मानित
नया भोजपुर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कुशल अनुसंधान का एक बार फिर जिला स्तर पर सम्मान हुआ है। छह लाख रुपये के चर्चित लूटकांड का महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करने पर नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सम्मानित किया है।

__ छह लाख की लूट का खुलासा कर मास्टरमाइंड को दबोचा, क्राइम मीटिंग में प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया पुलिस टीम का मनोबल
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कुशल अनुसंधान का एक बार फिर जिला स्तर पर सम्मान हुआ है। छह लाख रुपये के चर्चित लूटकांड का महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करने पर नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सम्मानित किया है। हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग में एसपी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहना की।यह मामला नया भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी के समीप हुए छह लाख रुपये की लूट से जुड़ा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पीड़ित बकरा व्यवसायी डुमरांव से कर्ज लेकर बकरों की खरीदारी के लिए जा रहा था। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने उसे घेरकर रुपये लूट लिए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया और जांच का जिम्मा अनुभवी पुलिस अधिकारियों को सौंपा गया।थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना तंत्र का सहारा लेकर जांच को आगे बढ़ाया। शुरुआती जांच में पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर पूरे मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं। जांच में सामने आया कि वारदात किसी बाहरी गिरोह की नहीं, बल्कि पीड़ित के ही परिचित व्यक्ति की साजिश का परिणाम थी।पुलिस ने खुलासा किया कि सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही ने ही लूट की पूरी योजना तैयार की थी और अपराधियों को व्यवसायी की गतिविधियों तथा रुपये की जानकारी उपलब्ध कराई थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही लूट की राशि में से एक लाख रुपये भी बरामद करने में सफलता हासिल की।क्राइम मीटिंग के दौरान एसपी शुभम आर्य ने कहा कि बेहतर अनुसंधान, त्वरित कार्रवाई और अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। इसी कड़ी में थानाध्यक्ष चंदन कुमार को प्रशस्ति पत्र संख्या 4337 प्रदान कर सम्मानित किया गया।सम्मान मिलने के बाद थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने इसे पूरी पुलिस टीम की उपलब्धि बताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आम लोगों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगे भी कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य जारी रहेगा।

