पुलिस पर हमला करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, देशी कट्टा व पांच कारतूस बरामद

जवही दियर पुलिस पिकेट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने वाले शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस पर हमला करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, देशी कट्टा व पांच कारतूस बरामद

शनिवार को डुमरांव स्थित अंचल निरीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी शुभम आर्य ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीते 2 मार्च को ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जवही दियर पुलिस पिकेट पर तैनात हवलदार प्यारे लाल पासवान और सिपाही रौशन कुमार पर शराब तस्करों ने हमला कर दिया था। यह हमला उस समय किया गया जब दोनों जवान गश्त के दौरान पिकेट के पास स्थित एक दुकान से सामान लेकर लौट रहे थे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया था। वीडियो में कई लोगों को पुलिसकर्मियों को घेरकर मारपीट करते हुए देखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

-- शराब पकड़वाने की कार्रवाई से नाराज थे तस्कर

पुलिस जांच में सामने आया कि जवही दियर पिकेट के जवान लगातार इलाके में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। हाल के दिनों में कई खेप पकड़े जाने के कारण तस्कर उनसे नाराज थे। इसी रंजिश में बदमाशों ने हमला करने की साजिश रची और मौका मिलते ही पुलिसकर्मियों को घेरकर पीट दिया।

एसपी ने बताया कि वायरल वीडियो व एफआईआर के आधार पर एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के सरना गांव निवासी रवि कुमार पिता राजन साह और रानीसागर गांव निवासी पप्पू कुमार पिता सुरेंद्र तुरहा के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों को ब्रह्मपुर के पश्चिम टोला के पास रहथुआ जाने वाली सड़क के समीप से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान रवि कुमार के कमर से एक देशी कट्टा और उसकी जींस की जेब से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं पप्पू कुमार के पास से तीन जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने शराब तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही यह भी माना है कि वे पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की घटना में शामिल थे।

-- तीन बाइक पर पहुंचे थे आठ-नौ हमलावर

पूरी घटना 2 मार्च की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। उस समय हवलदार रामप्यारे पासवान और सिपाही रौशन कुमार गश्त पर थे। दोनों जवान पिकेट के पास एक किराना दुकान से सामान लेकर वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आठ-नौ बदमाशों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पहले पुलिसकर्मियों को धमकाया और शराब पकड़वाने की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में सिपाही रौशन कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी और वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। वहीं हवलदार रामप्यारे पासवान को भी बुरी तरह पीटा गया। हमलावरों ने दोनों को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से भी मारपीट की।

घटना के दौरान आरोपियों ने जवानों का मोबाइल फोन भी छीन लिया था। आसपास मौजूद लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बन गई थी और बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

-- आवेदन के बाद दर्ज हुआ था मामला

घटना के अगले दिन 3 मार्च को हवलदार रामप्यारे पासवान ने ब्रह्मपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।

कार्रवाई के क्रम में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार और प्रभारी थानाध्यक्ष अंशु कुमारी ने पहले आरोपी गोपाल कुंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी कर दो और आरोपियों को दबोच लिया।

-- कानून हाथ में लेने वालों पर सख्ती

एसपी शुभम आर्य ने कहा कि पुलिस पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने भी कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती से अवैध शराब के धंधे पर लगाम लगने की उम्मीद बढ़ी है। सुरक्षा को देखते हुए जवही दियर पिकेट पर पुलिस बल बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।

बयान

पुलिस पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। दोनों शराब तस्कर हैं। इन पर पूर्व से भी शराब तस्करी के दो मामले दर्ज है। हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। इस कांड की यह तीसरी गिरफ्तारी है। शेष अभियुक्तों को भी चिन्हित किया जा रहा है। - शुभम आर्य, एसपी, बक्सर