विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी साहिला ने शनिवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, बक्सर का औचक निरीक्षण कर वहां रह रहे बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, खान-पान तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संस्थान में कुल पांच बच्चे आवासित पाए गए। जिलाधिकारी ने बच्चों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बच्चों के खान-पान की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों की उम्र और जरूरत के अनुसार भोजन के मेन्यू में आवश्यक सुधार किया जाए, ताकि उन्हें संतुलित और पौष्टिक आहार मिल सके। साथ ही उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रति सप्ताह नियमित चिकित्सा जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर से परामर्श लेकर उसका लिखित सलाह पत्र प्राप्त किया जाए तथा उसी के अनुरूप बच्चों की देखभाल और इलाज सुनिश्चित किया जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने संस्थान की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए चौकीदार की प्रतिनियुक्ति करने हेतु पुलिस अधीक्षक से अनुरोध करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इसके अलावा बच्चों के रहने वाले कमरों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा बच्चों के अनुकूल आकर्षक पेंटिंग और सजावट लगाने का भी निर्देश दिया, ताकि बच्चों को बेहतर और सकारात्मक वातावरण मिल सके।
जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक को निर्देश देते हुए कहा कि जिन दंपतियों को नियमानुसार इस संस्थान के माध्यम से बच्चे दत्तक दिए जाते हैं, उनका निर्धारित अंतराल पर नियमित फॉलोअप किया जाए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि दत्तक लिए गए बच्चों का पालन-पोषण और देखभाल सही तरीके से हो रही है या नहीं।

इसके साथ ही वर्तमान में दत्तक दिए जाने वाले बच्चों से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को नियमानुसार और विधिवत पूरा करने का निर्देश भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान संस्थान के समन्वयक सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी को बच्चों के बेहतर भविष्य और समुचित देखभाल के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
