ट्यूशन के लिए निकली छात्रा रहस्यमय ढंग से गायब, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक गांव से ट्यूशन पढ़ने गई एक किशोरी के रहस्यमय तरीके से लापता हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में बेचैनी का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों ने साजिश के तहत किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक गांव से ट्यूशन पढ़ने गई एक किशोरी के रहस्यमय तरीके से लापता हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में बेचैनी का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों ने साजिश के तहत किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है।जानकारी के अनुसार किशोरी पांच मई की दोपहर घर से कृष्णाब्रह्म बाजार स्थित ट्यूशन के लिए निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर स्वजन चिंतित हो उठे। पहले परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पिता ने स्थानीय थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पिता द्वारा दिए गए आवेदन में एक युवक पर किशोरी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही युवक के मौसा, मौसी और एक अन्य व्यक्ति को भी इस मामले में सहयोग करने का आरोपित बनाया गया है। परिजनों का कहना है कि सभी ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से किशोरी को गायब किया है।घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पिता के आवेदन पर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा किशोरी की बरामदगी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।

