महंगाई के खिलाफ डुमरांव में माले का जोरदार प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका

केटी न्यूज/डुमरांव। महंगाई के मुद्दे पर गुरुवार को डुमरांव में भाकपा माले और खेग्रामस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं ने शहर में मार्च निकालकर बढ़ती कीमतों के खिलाफ आवाज बुलंद की और बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की।

महंगाई के खिलाफ डुमरांव में माले का जोरदार प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका

कार्यक्रम की शुरुआत नया थाना स्थित भाकपा माले जिला कार्यालय से हुई। खेग्रामस के नेतृत्व में निकला मार्च स्टेशन रोड, गोला रोड और पुराना थाना रोड होते हुए शहीद स्मारक तक पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता नया थाना के समीप पहुंचे, जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा के बाद प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया गया।

सभा को संबोधित करते हुए खेग्रामस के जिला सचिव नारायण दास ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। चीनी, प्याज, दाल, आटा और सरसों तेल जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

उन्होंने केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने का हवाला देते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कहा कि सरकार को आम लोगों को राहत देने के लिए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करना चाहिए। साथ ही जमाखोरी पर प्रभावी कार्रवाई और जन वितरण प्रणाली की दुकानों के माध्यम से जरूरी सामान सस्ते दर पर उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। ‘महंगाई रोको, दाम बांधो’, ‘काम दो, काम का उचित दाम दो’, ‘चीनी, प्याज, आटा, सरसों तेल, नमक और दाल सस्ते दर पर उपलब्ध कराओ’ जैसे नारों से शहर का इलाका गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं ने खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि को लेकर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से जवाब मांगा।

कार्यक्रम का संचालन भाकपा माले नगर सचिव कृष्णा राम ने किया। मौके पर खेग्रामस के जिला अध्यक्ष कन्हैया पासवान, उपाध्यक्ष ललन राम, राज्य नेता सत्यनारायण पासवान, हरेंद्र राम, महफूज, शिवजी राजभर, मुनी देवी, ददन भर, शिवनाथ भर, साधु गोंड, भुआली गोंड, भगवान दास, छठ्ठू भर, सुनील राम, पूजा, उषा, ललन भर, पिंटू पासवान, धनजी राजभर, रमेश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।