शाहाबाद डीआईजी का बक्सर दौरा, ब्रह्मपुर अंचल कार्यालय का किया सघन निरीक्षण
सोमवार को शाहाबाद क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक डीआईजी सत्य प्रकाश का बक्सर जिले में आगमन हुआ, जहां उन्हें पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद डीआईजी ने सीधे ब्रह्मपुर अंचल का रुख किया और वहां स्थित अंचल निरीक्षक कार्यालय एवं थाना परिसर का सघन निरीक्षण किया।
__ लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, बेहतर पुलिसिंग और छठ पर्व को लेकर कड़े निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
सोमवार को शाहाबाद क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक डीआईजी सत्य प्रकाश का बक्सर जिले में आगमन हुआ, जहां उन्हें पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद डीआईजी ने सीधे ब्रह्मपुर अंचल का रुख किया और वहां स्थित अंचल निरीक्षक कार्यालय एवं थाना परिसर का सघन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजियों और अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने लंबित कांडों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के कारण आम जनता का भरोसा प्रभावित होता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डीआईजी ने पुलिस व्यवस्था, जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों और क्षेत्र में लागू सुरक्षा प्रबंधों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना स्तर पर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि पुलिस-जन संवाद को और मजबूत किया जा सके।इस दौरान उन्होंने ब्रह्मपुर अंचल कार्यालय एवं थाना भवन की भौतिक स्थिति का भी जायजा लिया। भवन की स्थिति, साफ-सफाई और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण से ही पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन कर सकते हैं।

आगामी छठ महापर्व को लेकर डीआईजी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ जैसे आस्था के महापर्व में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा चूक की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। घाटों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ-साथ सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी स्तर के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, बक्सर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरांव सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

