डुमरांव गैंगरेप कांड : दोनों आरोपित रातोंरात गिरफ्तार, पीड़िता के परिवार को न्याय की जगी उम्मीद
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी के साथ हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपितों इरफान और सुमित को सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। घटना सामने आने और प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर हुई इस कार्रवाई से पीड़िता और उसके परिजनों में न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

__ पुलिस ने मेडिकल जांच व धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की, त्वरित कार्रवाई से परिजनों को मिली राहत
केटी न्यूज/डुमरांव
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी के साथ हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपितों इरफान और सुमित को सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। घटना सामने आने और प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर हुई इस कार्रवाई से पीड़िता और उसके परिजनों में न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। मामले को लेकर पिछले कुछ दिनों से परिवार लगातार कार्रवाई की मांग कर रहा था।डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सोमवार रात ही दोनों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी गंभीरता के साथ की जा रही है तथा कानून के अनुसार आगे की सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। इसके साथ ही न्यायालय में धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि मामले के अनुसंधान को कानूनी रूप से और मजबूत बनाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।गौरतलब है कि किशोरी के परिजनों ने आरोप लगाया था कि गांव के ही दो युवक उसे बहला-फुसलाकर डुमरांव ले गए और एक किराए के मकान में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने कार्रवाई के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया था।

आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। परिजनों का कहना है कि अब उन्हें भरोसा है कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलेगी। वहीं गांव में भी इस कार्रवाई के बाद तनाव का माहौल कुछ हद तक शांत हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पीड़िता की सुरक्षा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जा रहा है तथा मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

