किसान के घर में अज्ञात चोरों ने नगद समेत लाखों रुपए के जेवर ले भागे

किसान के घर में अज्ञात चोरों ने नगद समेत लाखों रुपए के जेवर ले भागे

केटी न्यूज/ नावानगर 

सिकरौल थाना क्षेत्र के भदार गांव में अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाने का मामला प्रकाश में आया है। अज्ञात चोरों ने उक्त घर का दरवाजा तोड़ नगद समेत लाखों रुपए के जेवर चुराकर भाग निकले है। पीड़ित परिजनों के अनुसार चोरों ने घर में पिछले दरवाजे से प्रवेश किया है।

पीड़ित गृहस्वामी राजाराम तिवारी ने बताया कि भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए घर के सभी सदस्य शुक्रवार की देर शाम खाना खाने के बाद छत पर सो गए। सुबह जब परिवार के महिलाओं की नींद खुली और वे छत से नीचे पहुंची, तो उनके होश उड़ गए। घर के सभी दरवाजे खुले हुए थे। साथ ही चारों तरफ सामान बिखरा पड़ा हुआ था। जिसके बाद पीड़ित महिलाओं ने शोर मचाने लगी। इधर अज्ञात चोरों ने घर से बक्से, सूटकेस, व आभूषण का बॉक्स ले भागे थे।

चोरों की सुराग लेते हुए पीड़ित परिजन एवं ग्रामीण गांव के पश्चिम बधार में पहुंचे, तो बॉक्स, सूटकेश तोड़कर फेंका हुआ था। उसमें से सभी कीमती समान गायब था। पीड़ित किसान राजाराम तिवारी ने बताया कि चोरों ने घर से 60 हजार नगद रुपए, सोने एवं चांदी के आभूषण चुरा ले गए हैं। जो लगभग चार लाख रुपया का सामान था। इस संबंध में सिकरौल थानाध्यक्ष बिरेंद्र कुमार ने बताया कि घर में चोरी के संबंध में गृहस्वामी द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई है। सूचना मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।