सीमा पर बढ़ी चौकसी तो बधार में छिपाई शराब की खेप, 51 लीटर जब्त

शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच राजपुर थाना पुलिस ने पलिया गांव के पूरब बधार में छापेमारी कर 51 लीटर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।

सीमा पर बढ़ी चौकसी तो बधार में छिपाई शराब की खेप, 51 लीटर जब्त

केटी न्यूज/राजपुर :

शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच राजपुर थाना पुलिस ने पलिया गांव के पूरब बधार में छापेमारी कर 51 लीटर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बधार में शराब की खेप किसने छिपाई थी और इसे कहां से लाया गया था।थानाध्यक्ष निवास कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पलिया गांव के पूरब बधार स्थित एक खेत में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान खेत में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। हालांकि, पुलिस की पहुंच से पहले ही धंधे में शामिल लोग मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई को खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राजपुर थाना क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़ा होने के कारण शराब तस्करों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यूपी से बिहार में शराब पहुंचाने के प्रयासों को रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बरामद शराब के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों तक पहुंचने के लिए भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी के साथ गांवों और बधारों में भी सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया है।