बक्सर में 100 युवाओं को नौकरी का मौका, 27 अक्टूबर को लगेगा रोजगार शिविर
बक्सर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से आगामी 27 अक्टूबर 2026 को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें रस्तोगी इंडस्ट्रियल लिमिटेड कंपनी द्वारा नर्सिंग सहायक के 100 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

__ मैट्रिक पास अभ्यर्थियों के लिए नर्सिंग सहायक के पद पर भर्ती, 12 से 18 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन
केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से आगामी 27 अक्टूबर 2026 को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें रस्तोगी इंडस्ट्रियल लिमिटेड कंपनी द्वारा नर्सिंग सहायक के 100 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इस भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक पास निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 12 हजार से 18 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजगार शिविर का आयोजन संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई मैदान स्थित जिला नियोजनालय परिसर, बक्सर में किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक संचालित होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों का चयन उनकी योग्यता के आधार पर मौके पर ही किया जाएगा।

__ 18 से 30 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है। चयनित कर्मियों का कार्यक्षेत्र पूरे भारत में होगा। यानी नियुक्ति के बाद अभ्यर्थियों को देश के विभिन्न हिस्सों में काम करने का अवसर मिल सकता है।

__ नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य
रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए जिला नियोजनालय में पंजीकरण कराना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों ने अब तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। शिविर में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा और आधार कार्ड साथ लेकर आना होगा।

__ प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि रोजगार शिविर में प्रवेश के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। नियुक्ति से संबंधित शर्तों और नियमों की जिम्मेदारी संबंधित नियोजक की होगी। नियोजनालय की भूमिका केवल अभ्यर्थियों और नियोजक के बीच सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित रहेगी।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाएं।


