शादी के दो साल में उजड़ गई जिंदगी: बुलेट और चेन की मांग ने ली विवाहिता की जान, सास गिरफ्तार
दहेज की लालच ने एक और बेटी की जिंदगी निगल ली। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के रमसर मठिया गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि बुलेट बाइक और सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मार डाला। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति फरार बताया जा रहा है।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
दहेज की लालच ने एक और बेटी की जिंदगी निगल ली। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के रमसर मठिया गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि बुलेट बाइक और सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मार डाला। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति फरार बताया जा रहा है।मृतका के भाई बब्लू गिरी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि उसकी बहन की शादी 28 मई 2023 को रमसर मठिया गांव निवासी अंग्रहीत गिरी के पुत्र पवन गिरी से हुई थी।

शादी में परिजनों ने अपनी क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन विवाह के पहले से ही ससुराल पक्ष बुलेट बाइक और सोने की चेन की मांग पर अड़ा था। समाज के लोगों के हस्तक्षेप के बाद शादी तो हो गई, लेकिन विवाहिता की मुसीबतें वहीं से शुरू हो गईं।परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। सास उसे ताना देती थी कि “कंगाल घर की लड़की” लाई गई है। दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सिलसिला लगातार चलता रहा। विवाहिता सब कुछ सहकर अपना घर बसाने की कोशिश करती रही, लेकिन लालच कम नहीं हुआ।

आरोप है कि 15 अप्रैल की रात पति पवन गिरी और उसकी मां ने मिलकर विवाहिता को जहर दे दिया। हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई के बयान पर पति और सास के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार पति की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।जिस घर से बेटी डोली में विदा हुई थी, वहां दो साल बाद उसकी अर्थी उठी। घटना ने समाज के सामने फिर सवाल खड़ा कर दिया है—आखिर दहेज की यह आग कब बुझेगी।

